भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) की उत्पत्ति तत्कालीन भारत सरकार द्वारा 1927 में श्री एम.आर. जयक्कर की अध्यक्षता में गठित सड़क विकास समिति से जुड़ी है, जिसने सड़क निर्माण, रखरखाव और विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के लिए समय-समय पर सड़क सम्मेलन आयोजित करने की सिफारिश की थी। ऐसा पहला सड़क सम्मेलन अप्रैल, 1930 में आयोजित किया गया था। तत्पश्चात, सड़क निधि के औपचारिकीकरण के साथ, समय-समय पर होने वाले सड़क सम्मेलनों के स्थान पर एक व्यापक और स्थायी संगठन के निर्माण की आवश्यकता महसूस की गई और इस प्रकार, आईआरसी अस्तित्व में आया।